Punjab CM Bhagwant Mann : लोकसभा चुनाव को लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने एक बार फिर भाजपा को घेरने का काम किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा वाले तानाशाही और अहंकार में अंधे हो गए हैं, लेकिन उनको शायद नहीं पता है कि यह देश किसी के बाप की जागीर नहीं है। यह 140 करोड़ लोगों का देश है। यह लोकतंत्र और संविधान को बचाने की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि भाजपा के कई नेताओं ने कहा है कि हमें 400 के पार कर दो, हम संविधान बदल देंगे। मान ने कहा कि जब भाजपा हारने लगती है तो गड़बड़ करने लगती है।
यह बातें आम आदमी पार्टी के नेता और पंजाब के मुख्यमंत्री मान ने शनिवार को हरियाणा के जिला कैथल में आयोजित एक सार्वजनिक सभा को संबोधित करते हुए कहीं। इस दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भाजपा को जमकर घेरा। उन्होंने कहा कि यह देश को तानाशाही की तरफ ले जाना चाहते हैं। संविधान को बदलने के लिए 400 सीटें देने के लिए कह रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह चुनाव सिर्फ एक आम चुनाव नहीं है, बल्कि देश को बचाने के लिए चुनाव है। लोकतंत्र के माध्यम से चुने हुए लोगों को चुनना होगा, जो जनता की जरुरतों के हिसाब से काम करेंगे। यदि इस चुनाव में भी भाजपा जीत गई तो हमारी आने वाली नस्ल का भविष्य खराब हो जाएगा। इसलिए जनता लोकसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन को जिताने का काम करें। उन्होंने कहा कि अब नारा चल रहा है 25 मई भाजपा गई।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि देश एक ऐसे मो़ड़ पर खड़ा है या तो तानाशाही की तरफ जाएगा या फिर लोकतंत्र के माध्यम से चुने हुए लोग आप की इच्छा के मुताबिक काम करेंगे। आप की इच्छा के मुताबिक कानून बनेंगे या तो देश संविधान को खत्म करने वाली पार्टी के हाथ में आएगा या तो फिर ऐसी पार्टियां जो चाहती हैं कि देश तरक्की करे, उनके हाथ में आएगा।

भगवंत मान ने कहा कि भाजपा वालों को पहले चार राउंड में पता चल गया है कि 400 पार नहीं, अब 150 पार करना भी मुश्किल है। पंजाब के लोगों के लिए आप की सरकार ने काफी काम किए हैं। यहां पर बिजली का बिल जीरो आता है। एक महीने में 300 यूनिट बिजली फ्री दी जा रही है। यह बिजली का बिल दो महीने में आता है। ऐसे में लोगों को 600 यूनिट तक बिजली फ्री मिलती है।

भगवंत मान ने कहा कि यह बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर का लिखा हुआ संविधान बदल देंगे। इसके बाद चुनाव नहीं होगा। जैसे रुस में होता है, पुतिन वहां चुनाव नहीं करवाते। वह किसी विपक्ष के नेता को अपने खिलाफ खड़ा होने नहीं देते हैं। यही काम यहां भी होने वाला है। यह फेडरल स्ट्रक्चर खत्म देंगे।
मान ने कहा कि भाजपा को पता होना चाहिए कि देश की जनता की संख्या 140 करोड़ से अधिक है। वह अंहकार में आ चुके हैं। देश को आजादी इतनी आसानी ने नहीं मिली। इसके लिए देश के हजारों बुजुर्गों ने कुर्बानियां दी है। इसमें भगत सिंह जैसे क्रांतिकारी जवान भी शामिल थे। उन्होंने कहा कि आज भी देश की आजादी की रक्षा करने और देश बचाने के लिए पंजाब और हरियाणा के युवा काफी संख्या में सरहदों पर खड़े हैं।