Haryana Politics : हरियाणा में कांग्रेस पार्टी के टिकट बंटवारे के बाद सियासी पारा हाई नजर आ रहा है। जिला जींद के दीप पैलेस में पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह ने अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं की बैठक बुलाई। बैठक में मुख्य रूप से पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह के साथ उनकी धर्मपत्नी पूर्व विधायक प्रेमलता सिंह और पूर्व सांसद बेटे बृजेंद्र सिंह भी पहुंचे। इस दौरान प्रेमलता सिंह ने कहा कि हम कांग्रेस में आए तो कांग्रेस के खिलाफ नहीं जाएंगे। चाहे 10 साल बाद आए हों, लेकिन इस वक्त हम कांग्रेसी हैं। हमने कभी दुर्भावना की राजनीति नहीं की, गलत व्यवहार न हमारे स्वभाव में है।
पूर्व विधायक प्रेमलता सिंह ने कहा कि हिसार लोकसभा सीट पर उतारे गए कांग्रेस प्रत्याशी जयप्रकाश (जेपी) का फोन भी आ चुका है। उन्होंने बीरेंद्र सिंह के पास फोन किया है। उन्होंने कहा कि अभी तो जींद में बैठक ली जाएगी। इसके बाद शाम को बात करेंगे। प्रेमलता ने टिकट कटने के सवाल पर कहा कि जयप्रकाश उनके टिकट मिलने में कोई रोड़ा नहीं बना। वह अपनी कोशिश कर थे, हमने भी अपनी कोशिश की थी, लेकिन वह टिकट लेने में कामयाब हो गए। यह तो टाइम टाइम की बात है। पूर्व विधायक ने कहा कि एक टाइम यह था जब जयप्रकाश को टिकट दिलवाने वाले बीरेंद्र सिंह थे। बीरेंद्र सिंह उस दौरान उत्तरप्रदेश के प्रभारी थे। आज जयप्रकाश पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा (भूपी) के साथ है, हुड्डा ने जेपी को टिकट दिलवाने में उनकी मदद की है। प्रेमलता ने कहा कि उन्हें इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता। राजनीति में सब चलता रहता है।

वहीं पूर्व विधायक प्रेमलता ने प्रदेश की राजनीति पर कहा कि कांग्रेस के प्रति माहौल अपने आप बनता नजर आ रहा है। प्रदेश के लोग भाजपा के खिलाफ नजर आ रहे हैं। प्रदेश में भाजपा के खिलाफ जो प्रचार हो रहा है, उसमें कांग्रेस ने कुछ नहीं किया। हरियाणा में भाजपा के खिलाफ प्रचार अपने आप हो रहा है। उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन जो हुआ था, उस समय भाजपा कुछ नहीं कर पाई। लोग अब उसका बदला अपने आप लेंगे। प्रेमलता ने कहा कि बेटे के आईएएस होने के नाते सबसे ज्यादा काम उन्होंने अपने हलके में करवाएं हैं। कभी उनके कार्यों में रूकावट नहीं आई।

इस दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह की पत्नी प्रेमलता ने प्रदेश के पूर्व उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि दुष्यंत चौटाला ने अपने कार्यकाल में कोई कार्य नहीं करवाए। लोगों को इस बात का पता है। प्रेमलता ने आरोप लगाया कि हमारे कोई भी काम जो होने थे, दुष्यंत चौटाला ने उनको रुकवाने का काम ही किया है। जिन कामों के पत्थर लग चुके थे, वह काम भी नहीं हो पाए। उचाना के बाईपास पर एक ईंट भी नहीं लग पाई। लाइन सारी खिंच गई थी, लेकिन काम कुछ नहीं हुआ।
प्रेमलता सिंह ने कहा कि दुष्यंत चौटाला उचाना से दोबारा चुनाव लड़ने की हिम्मत नहीं कर पाएगा। अगर चुनाव लड़ने आएगा तो उनकी दुर्गति होगी। इस दौरान प्रेमलता ने दुष्यंत चौटाला की मां नैना चौटाला पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि नैना चौटाला अपनी ही देवरानी और ससुर के खिलाफ चुनावी मैदान में नजर आ रही हैं।