- हरियाणा में लू का येलो अलर्ट जारी, तेज गर्म हवाओं की चेतावनी
- शनिवार को नारनौल, नूंह में आंधी-बारिश, कई जिलों में बादल छाए
- हरियाणा का तापमान सामान्य से 2.9 डिग्री ज्यादा, रोहतक सबसे गर्म
Haryana Weather: हरियाणा में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश में लू का येलो अलर्ट जारी किया है, जिसके तहत आने वाले दिनों में तेज गर्म हवाएं चलने और तापमान में बढ़ोतरी की आशंका जताई गई है। लोगों को सतर्क रहने और स्वास्थ्य का ध्यान रखने की सलाह दी गई है। शनिवार को अचानक हरियाणा के कई इलाकों में मौसम ने करवट ली। नारनौल और नूंह में आंधी के साथ बारिश दर्ज की गई, वहीं सिरसा के नाथूसरी चोपटा में तेज आंधी चली।
हिसार, करनाल, पानीपत, फतेहाबाद, गुरुग्राम, भिवानी और सिरसा समेत कई जिलों में बादल छाए रहे, जिससे कुछ इलाकों में तापमान में अस्थायी गिरावट भी दर्ज की गई। हालांकि समग्र रूप से हरियाणा का अधिकतम तापमान सामान्य से 2.9 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा। शनिवार को प्रदेश के अधिकतम तापमान में औसतन 0.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हुई। सबसे गर्म जिला रोहतक रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस मापा गया।
पिछले 24 घंटे के तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। पानीपत और सोनीपत में अधिकतम तापमान में सबसे ज्यादा 0.9 डिग्री की बढ़ोतरी हुई, जिसके बाद पानीपत का तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस और सोनीपत का तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दूसरी ओर, सबसे ज्यादा गिरावट महेंद्रगढ़ में दर्ज हुई, जहां तापमान 3.8 डिग्री घटकर 38.7 डिग्री सेल्सियस रह गया। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी गर्मी के तेवर तेज बने रहने के संकेत दिए हैं।
