➤ फरीदाबाद नगर निगम ने मोहना मार्ग के उदासीन आश्रम मंदिर को भेजा टैक्स नोटिस
➤ 1.36 लाख बकाया टैक्स जमा न करने पर कुर्की की चेतावनी, मंदिर समिति में रोष
➤ संयुक्त आयुक्त बोले- जांच करेंगे, गलती हुई होगी, कार्रवाई नहीं होगी
विस्तृत खबर:
हरियाणा के फरीदाबाद जिले के बल्लभगढ़ में 250 साल पुराने उदासीन आश्रम मंदिर को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। नगर निगम ने मंदिर को 1.36 लाख रुपए का प्रॉपर्टी टैक्स न भरने के आरोप में 7 दिन में बकाया चुकाने या संपत्ति कुर्क करने की चेतावनी वाला नोटिस थमा दिया है। इस नोटिस को लेकर मंदिर समिति में गहरी चिंता और नाराजगी है। समिति के संचालक राजेंद्र बरेजा के मुताबिक, यह मंदिर प्राचीन धार्मिक स्थल है और इस पर किसी भी तरह का टैक्स नहीं बनता।
मंदिर समिति ने बताया कि पहले भी दो महीने पहले इसी तरह का नोटिस मिला था, जिसे अधिकारियों से बात कर रद्द करवा दिया गया था। अब दोबारा नोटिस भेजकर मंदिर को परेशान किया जा रहा है। इस बार के नोटिस में यह उल्लेख किया गया है कि मंदिर परिसर पर 31 मार्च 2024 तक का प्रॉपर्टी टैक्स बकाया है, और अब इसमें सरचार्ज भी जोड़ा गया है।
नोटिस में उल्लेख है कि यदि 7 दिन के भीतर यह टैक्स जमा नहीं कराया गया तो मंदिर की संपत्ति कुर्क कर ली जाएगी। इससे मंदिर से जुड़े सैकड़ों भक्तों में आक्रोश और चिंता का माहौल है।
इस पूरे प्रकरण पर जब नगर निगम के संयुक्त आयुक्त करण सिंह भगोरिया से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि यह मामला उनके संज्ञान में नहीं था। उन्होंने माना कि संभवतः यह प्रशासनिक गलती हो सकती है। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे इस मुद्दे पर संबंधित अधिकारियों से बातचीत करेंगे, और अगर नोटिस गलत भेजा गया है, तो उसे तत्काल निरस्त किया जाएगा। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि मंदिर की संपत्ति पर किसी प्रकार की कोई कार्रवाई नहीं होगी।

