Panipat के कुटानी गांव में 25 दिसंबर को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जब 10वीं कक्षा के छात्र रजत ने 8वीं कक्षा के छात्र अनिकेत पर चाकू से हमला कर दिया। यह हमला दोनों के बीच फोन पर हुई कहासुनी का परिणाम था।
घटना दोपहर करीब 2 बजे हुई, जब अनिकेत किसी काम से कुटानी जा रहा था। रास्ते में उसे रजत मिला, जिसने अनिकेत का रास्ता रोक लिया और झगड़ा शुरू कर दिया। अचानक, रजत ने चाकू से अनिकेत पर हमला किया और उसे सिर और कान के पीछे चाकू मारा। हमले के दौरान चाकू का एक टुकड़ा अनिकेत के कान के पीछे टूट गया, जिसे अस्पताल में इलाज के दौरान निकाला गया।
अनिकेत ने शोर मचाया, जिससे आसपास लोग इकट्ठा हो गए, और आरोपी मौके से भागने में सफल रहा। भागते वक्त आरोपी ने अनिकेत को धमकी दी, “आज तो तू बच गया, अगली बार मौका मिलेगा तो जान से मार दूंगा।” मामले की शिकायत अनिकेत की मां सुदेश ने पुलिस से की, और किला थाना पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर लिया है।







