986 1

पुलिस रेड के दौरान महिला ने निगला चि*ट्टा, मौत और फि‍र बवाल

हरियाणा की बड़ी खबर

हिसार में महिला की नशे से मौत, पुलिस कार्रवाई के दौरान निगला चिट्टा
एनडीपीएस एक्ट के तहत आरोपी थी महिला, अस्पताल में हुई मौत



हरियाणा के हिसार जिले में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज एक मामले ने नया मोड़ ले लिया जब आरोपी महिला की रेड के दौरान नशीला पदार्थ निगलने से मौत हो गई। पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन ने साफ शब्दों में कहा है कि पुलिस की कार्रवाई बिल्कुल नियमानुसार थी, और जो लोग इस घटना को लेकर अकारण माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी

जानकारी के अनुसार, 24 जुलाई 2025 को हिसार पुलिस की पड़ाव चौकी टीम ने विकास नगर में नाकाबंदी के दौरान दिल्ली निवासी राजा नाम के युवक को पकड़ा, जिसके पास से 5.08 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद हुआ। आरोपी ने पूछताछ में खुलासा किया कि उसने यह नशीला पदार्थ हिसार की अंबेडकर बस्ती निवासी पूनम उर्फ पोना से ₹12,000 में खरीदा था। इस बयान के आधार पर पुलिस ने पूनम की गिरफ्तारी के लिए रेड की।

Whatsapp Channel Join

रेड के दौरान राजा ने पूनम की पहचान कराई, लेकिन जैसे ही महिला को पुलिस का आभास हुआ, उसने अपने हाथ में मौजूद कोई संदिग्ध पदार्थ तुरंत निगल लिया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। स्थानीय लोगों ने भी इस बात की पुष्टि की कि पूनम नशे का सामान बेचती थी और उसने चिट्टा निगल लिया है। पुलिस ने तुरंत मानवता के आधार पर उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन हालत बिगड़ती देख परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

डॉक्टरों की रिपोर्ट में यह स्पष्ट रूप से सामने आया है कि मौत का कारण हेरोइन/चिट्टा का सेवन था। महिला के परिवार ने लिखित में अस्पताल को बताया कि वे कोई पुलिस कार्रवाई नहीं चाहते, और यह घटना गलती से हुई। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, मृतका के परिवार के कई सदस्य पहले भी नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल रहे हैं और एनडीपीएस एक्ट के तहत 6 केस दर्ज हैं

इसके बावजूद कुछ असामाजिक तत्वों ने इस संवेदनशील मामले को तूल देकर निजी अस्पताल में तोड़फोड़ की, जिसे लेकर पुलिस ने गंभीर रुख अपनाया है। एसपी शशांक सावन ने दो टूक कहा है कि जो लोग कानून व्यवस्था को बिगाड़ने की कोशिश करेंगे, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। अस्पताल में हुई तोड़फोड़ की वीडियो फुटेज खंगाली जा रही है और दोषियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी