MOHANLAL BADOLI

दादरी पहुंचे बड़ौली ने हिमानी नरवाल हत्याकांड पर दी प्रतिक्रिया, कांग्रेस को बताया ‘बूढ़ी पार्टी’, निकाय चुनाव में भाजपा की जीत का किया दावा

हरियाणा

हरियाणा भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली बुधवार को चरखी दादरी पहुंचे, जहां उन्होंने कांग्रेस नेत्री हिमानी नरवाल हत्याकांड पर अपनी प्रतिक्रिया दी। बड़ौली ने कहा कि यह प्रदेश की बेटी के साथ अन्याय है और भाजपा सरकार उसे पूरा न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग इस हत्याकांड पर राजनीति कर रहे हैं, लेकिन सरकार दोषियों को सख्त सजा देकर समाज में बुराई का अंत करेगी।

पूर्व मंत्री सतपाल सांगवान के निधन पर जताया शोक

बड़ौली पूर्व मंत्री सतपाल सांगवान के निधन पर शोक जताने के लिए दादरी विधायक सुनील सांगवान के निवास पर पहुंचे। उन्होंने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि सतपाल सांगवान प्रदेश के एक सम्मानित नेता थे, जिनकी सोच हमेशा जनहित और विकास को आगे बढ़ाने की रही।

Whatsapp Channel Join

कांग्रेस को बताया ‘बूढ़ी पार्टी’

मीडिया से बातचीत के दौरान बड़ौली ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला और उसे बूढ़ी पार्टी करार दिया। उन्होंने कहा कि हरियाणा कांग्रेस अब नेताओं के बिना ही चल रही है। कांग्रेस ने हमेशा क्षेत्रवाद, परिवारवाद और जातिवाद को बढ़ावा दिया, जबकि भाजपा ने इसे खत्म करने का काम किया है।

जल्द होगी जिलाध्यक्षों की नियुक्ति

प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि हरियाणा भाजपा के जिलाध्यक्षों की सूची निकाय चुनाव के परिणामों के बाद जारी कर दी जाएगी। संगठन को लेकर भी काम जारी है और जल्द ही इस पर घोषणा होगी।

निकाय चुनाव में भाजपा की होगी शानदार जीत

बड़ौली ने दावा किया कि हरियाणा में निकाय चुनावों में भाजपा बड़े अंतर से जीतेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य में भाजपा सरकार बनने के बाद जनता सरकार के कार्यों से पूरी तरह संतुष्ट है। इसी विश्वास के चलते निकाय चुनावों में भाजपा को प्रचंड जीत मिलेगी और ट्रिपल इंजन की सरकार बनेगी।

भाजपा के कई वरिष्ठ नेता पहुंचे शोक व्यक्त करने

बुधवार को हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर कृष्ण मिड्ढा, हांसी विधायक विनोद भ्याना, जगाधरी विधायक अकरम खान, पूर्व मंत्री ओमप्रकाश धनखड़, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, नलवा विधायक रणधीर पनिहार, पूर्व मंत्री सुभाष बत्रा, गोहाना के पूर्व विधायक जगबीर मलिक, पूर्व विधायक धर्मपाल सांगवान और भाजपा नेत्री बबीता फोगाट सहित कई भाजपा नेता सतपाल सांगवान के निवास स्थान पर पहुंचे और शोक संवेदना व्यक्त की।

अन्य खबरें