हलोपा-भाजपा गठबंधन

Haryana में BJP का इस पार्टी के साथ हुआ गठबंधन, CM नायब सिंह सैनी ने किया ऐलान

हरियाणा राजनीति सिरसा

Haryana के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सिरसा का दौरा किया। दौरे की शुरुआत में उन्होंने हलोपा सुप्रीमो और विधायक गोपाल कांडा के आवास पर पहुंचकर तारा बाबा की कुटिया पर पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में घोषणा की कि हरियाणा में भाजपा और गोपाल कांडा की हरियाणा लोकहित पार्टी (हलोपा) मिलकर चुनाव लड़ेंगी। हलोपा एनडीए (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) का हिस्सा है।

हाल ही में गोपाल कांडा ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री और भाजपा के हरियाणा प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान से मुलाकात की थी और एनडीए के हिस्से के तौर पर 15 सीटें मांगी थीं। सूत्रों के अनुसार, हलोपा को सिरसा और फतेहाबाद की 9 विधानसभा सीटों में से 5 सीटें मिल सकती हैं। हालांकि, भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने अभी गठबंधन को लेकर आधिकारिक घोषणा नहीं की है।

खट्टर भी चाहते थे गठबंधन

2019 के विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर भी हलोपा के साथ गठबंधन करना चाहते थे, लेकिन शीर्ष नेतृत्व ने इसे अस्वीकार कर दिया था। पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल ने इसके लिए प्रयास किए थे, लेकिन उमा भारती ने ‘स्वच्छ’ छवि वाले नेताओं से समर्थन लेने की सलाह दी थी।

Whatsapp Channel Join

गोपाल कांडा का विवादित इतिहास

2019 के विधानसभा चुनाव से पहले गोपाल कांडा के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने, आपराधिक साजिश, जालसाजी, धोखाधड़ी और चेक बाउंस समेत 9 आपराधिक मामले लंबित थे। गीतिका आत्महत्या मामले में उनका नाम आने के बाद उन्हें हुड्डा सरकार में गृह राज्य मंत्री का पद छोड़ना पड़ा था और तिहाड़ जेल भी जाना पड़ा था। हालांकि, 2023 में गोपाल कांडा को इस मामले से बरी कर दिया गया था।

स्थानीय नेताओं को लगेगा झटका

गोपाल कांडा के हलोपा के साथ गठबंधन से सिरसा जिले के भाजपा नेताओं को झटका लग सकता है। गोपाल कांडा की सिरसा शहरी सीट से दावेदारी लगभग तय मानी जा रही है। इससे भाजपा के टिकट के दावेदार अमन चोपड़ा, भूपेश मेहता, और प्रदीप रतुसरिया प्रभावित हो सकते हैं। वहीं, गोपाल कांडा के भाई गोविंद कांडा रानिया और फतेहाबाद विधानसभा सीटों से दावा कर रहे हैं।

अन्य खबरें