हरियाणा के मुख्यमंत्री अमृतसर में होने वाली नॉर्थ जोनल की मीटिंग में शामिल होने के लिए करनाल से अमृतसर के लिए रवाना हो गए हैं। करनाल एयरपोर्ट पहुंचने के लिए सीएम खट्टर अपने आवास से बुलेट बाइक पर निकले। बुलेट बाइक पर करनाल एयरपोर्ट पहुंचने के बाद वो वहां से वह अमृतसर के लिए रवाना हुए।
सीएम खट्टर ने अपने ट्विटर अकाउंट पर एक वीडियो भी शेयर किया है। उन्होंने जिसमें लिखा है कि कार फ्री डे हो या नशामुक्त हरियाणा बनाने का संकल्प हो बिना जनसहयोग के पूरा नहीं हो सकता। कार फ्री डे पर करनाल एयरपोर्ट तक की यात्रा बाइक द्वारा करके, आज के दिन कार ट्रैफिक कम करने का एक छोटा सा प्रयास मेरा भी रहा। मुझे आशा है कि प्रदेश के जागरूक लोग इस सन्देश को आगे बढ़ाकर लोगों को मात्र एक दिन कार त्यागने को प्रेरित करेंगे।
एसवाईएल नहर निर्माण का रखेंगे मुद्दा
मुख्यमंत्री मनोहर लाल अमृतसर मे केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में होने वाली उत्तर क्षेत्रीय परिषद की बैठक में हिस्सा लेंगे। वहां वो उत्तर क्षेत्रीय परिषद में बहुत से अहम विषयों को उठाएंगे। हरियाणा में परिवार पहचान पत्र के जरिए आई पारदर्शिता के विषय में भी अवगत कराएंगे। पानी के बंटवारे और भाखड़ा ब्यास प्रबंध बोर्ड जैसे मुद्दे वो शाह के समक्ष उठाएंगे। एसवाईएल नहर का निर्माण और पंजाब विश्वविद्यालय से हरियाणा के कॉलेजों को संबंध करने के विषय भी रखेंगे।

कार फ्री डे किया घोषित
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने हर मंगलवार के लिए करनाल को कार फ्री डे घोषित किया है। ऐसे में कोशिश है कि लोग पैदल या फिर साइकिल का प्रयोग ज्यादा से ज्यादा करेंगे। सीएम ने भी कुछ ऐसा ही उदाहरण पेश किया। मुख्यमंत्री के साथ-साथ सभी सुरक्षाकर्मी भी बिना कार के ही एयरपोर्ट पहुंचे। सीएम ने कहा कि शहरों में ट्रैफिक को कम करने और भीड़भाड़ को खत्म करने के लिए हमें करने ऐसे छोटे-छोटे प्रयास होंगे।

