khullar ko sevaanivrtti ke baad badee jimmedaaree

CM Manohar lal ने ढेसी को हटाया, खुल्लर को सेवानिवृत्ति के 24 घंटे भीतर बड़ी जिम्मेदारी

पंचकुला बड़ी ख़बर हरियाणा

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अपने मुख्य प्रधान सचिव डीएस ढेसी को उनके पद से हटा दिया है। मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव अब राजेश खुल्लर होंगे, उनकी नियुक्ति के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं। प्रदेश के रिटायर्ड वरिष्ठ IAS आरके खुल्लर को सेवानिवृत्ति के 24 घंटे में ही मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बड़ी जिम्मेदारी दे दी है। अतिरिक्त मुख्य सचिव राजेश खुल्लर वीरवार को राजस्व और आपदा प्रबंधन और चकबंदी विभागों के करीब 35 वर्षों की सेवा के बाद सेवानिवृत्त हुए थे। साथ ही मुख्यमंत्री मनोहर लाल की ओर से आईएएस डीएस ढेसी को नई नियुक्ति दी गई है। सरकार ने उन्हें प्रिंसिपलज एडवाइजर शहरी विकास नियुक्त किया है।

राजेश खुल्लर की नियुक्ति पर मुख्य सचिव संजीव कौशल और हरियाणा आईएएस ऑफिसर्स एसोसिएशन के अन्य प्रतिनिधियों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। 1988 बैच के आईएएस अधिकारी खुल्लर की अपने कार्यकाल में सेवा और प्रशासन के प्रति प्रतिबद्धता रही। वहीं खुल्लर ने एफसीआर के रूप में अपनी जिम्मेदारियों के अलावा स्कूली शिक्षा और सूचना, जनसंपर्क, भाषा और संस्कृति विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव पद पर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर संस्कृत के अच्छे जानकार भी हैं। वह स्कूल शिक्षा विभाग और प्रदेश के कृषि विभाग में निदेशक के तौर पर कार्यरत रहे। खुल्लर के कार्यकाल के दौरान कृषि के क्षेत्र में हरियाणा गेहूं के उत्पादकता मामले में पंजाब को पछाड़कर भारत में पहले नंबर का राज्य बन गया था। साथ ही खुल्लर जिला सोनीपत और रोहतक के जिलाधिकारी भी रह चुके हैं। जानकारी अनुसार पंजाब विश्वविद्यालय से भौतिक शास्त्र में खुल्लर ने एमएससी की है। उन्होंने सरकारी सेवा में आने के बाद टोक्यो के ग्रिप्स से लोक प्रशासन में मास्टर्स डिग्री को हासिल किया। साथ ही वह हिंदी, अंग्रेजी, पंजाबी और संस्कृत भाषा के अच्छे ज्ञाता हैं।

अतिरिक्त जिम्मेदारियों से सीएम की मुख्य सूची में शामिल रह चुके खुल्लर

Whatsapp Channel Join

नवनियुक्त मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर का सितंबर 2020 में तीन साल की अवधि के लिए विश्व बैंक के वाशिंगटन डीसी कार्यालय में कार्यकारी निदेशक के रूप में शानदार करियर रहा। उन्होंने अपने कार्यकाल में प्रदेश को विकास की ओर बढ़ाने में महत्वपूर्ण कार्य किया। अपने अंतरराष्ट्रीय कार्यभार से पहले उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के प्रधान सचिव के रूप में भी करीब 5 वर्ष महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वर्ष 2019 में प्रधान सचिव के साथ ही मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने उन्हें गृह सचिव की जिम्मेदारी दी थी। साथ ही उनके पास जनसंपर्क एवं भाषा विभाग, जेल, आपराधिक जांच और न्याय विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी थी। बता दें कि राजेश खुल्ली मुख्यमंत्री मनोहर लाल की मुख्य सूची में शामिल रहे हैं और सरकार उन पर पहले भी मेहरबान रही है।

सिस्टम में भ्रष्टाचार विरोधी माने गए हैं खुल्लर

प्रदेश सरकार की कमान संभालने वाले राजेश खुल्लर सिस्टम में भ्रष्टाचार विरोधी माने गए हैं। उन्होंने भ्रष्टाचार के तीन प्रमुख क्षेत्रों भर्ती, बदली और सीएलयू (लैंड यूज परिवर्तन) को ऑनलाइन करवा दिया। जिससे किसी को भी बदली करवाने से लेकर बीपीएल राशन कार्ड बनवाने तक के लिए किसी अधिकारी या कर्मचारी पर निर्भर नहीं रहना पड़ता है। व्यक्ति ऑनलाइन माध्यम से अपने कार्यों को आसानी से करवा सकता है। ऐसी पारदर्शी व्यवस्था का उद्देश्य राजेश खुल्लर ने पूर्व की सरकारों की पर्ची सिस्टम के विपरीत बनाया था।