हरियाणा एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने Faridabaad जिले के NIT थाने में तैनात सब-इंस्पेक्टर अर्जुन सिंह को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी ने जमानत दिलाने और केस में मदद के लिए 12.50 लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी। जांच के दौरान अर्जुन सिंह की गाड़ी से 7.47 लाख रुपए की अतिरिक्त नकद राशि भी बरामद हुई।
साथी SI राम फरार
घटना के समय दूसरा आरोपी सब-इंस्पेक्टर राम मौके से फरार हो गया। ACB ने उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश शुरू कर दी है। सरकारी प्रवक्ता के अनुसार, शिकायतकर्ता ने ACB को सूचना दी थी कि फरीदाबाद के साइबर NIT थाने में दर्ज केस में उसकी और उसके दोस्त विशाल की जमानत के लिए सब-इंस्पेक्टरों द्वारा रिश्वत मांगी जा रही है। शिकायत की पुष्टि के लिए ACB ने योजना बनाई।
पाउडर लगे नोटों का इस्तेमाल
ACB ने शिकायतकर्ता को पाउडर लगे नोट देकर आरोपी अधिकारियों के पास भेजा। जैसे ही अर्जुन सिंह ने 12.50 लाख रुपए स्वीकार किए, ACB टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद ACB ने अर्जुन सिंह की गाड़ी की तलाशी ली, जहां से 7.47 लाख रुपए की नकदी बरामद हुई। दूसरे आरोपी राम को पकड़ने के लिए छापेमारी जारी है।
ACB की टीम ने इस मामले में साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। आरोपी अधिकारियों पर भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच की जा रही है। मामले में दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।





