Faridabad हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने कहा कि भारतीय संविधान न केवल हमारे अधिकारों को सुनिश्चित करता है, बल्कि हमें हमारे कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक करता है। उन्होंने कहा कि संविधान हमारी ताकत और गौरव का प्रतीक है, जो समानता, स्वतंत्रता और भाईचारे का संदेश देता है।

राज्यपाल शनिवार को फरीदाबाद के होटल रेडिशन ब्लू में ‘हमारा संविधान-हमारा स्वाभिमान’ थीम के तहत आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे। उन्होंने संविधान की प्रस्तावना का वाचन करते हुए इसके महत्व को रेखांकित किया।
राज्यपाल ने कहा कि संविधान न केवल हमें हमारे अधिकारों की जानकारी देता है, बल्कि एक सशक्त नागरिक के रूप में हमारी भूमिका को भी परिभाषित करता है। संविधान हमें अपने राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने, पर्यावरण की रक्षा करने और सांस्कृतिक विरासत का सम्मान करने की जिम्मेदारी सौंपता है। नई पीढ़ी को संविधान की गहन जानकारी प्रदान करने के लिए ऐसे आयोजन बेहद जरूरी हैं।
कार्यक्रम में उन्होंने ‘हमारा संविधान-हमारा स्वाभिमान’ के तहत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। राज्यपाल ने युवाओं को संविधान पढ़ने और उसमें निहित अधिकारों एवं कर्तव्यों को समझने का आह्वान करते हुए कहा कि एक जागरूक नागरिक बनकर ही देश की सेवा की जा सकती है। कार्यक्रम में डीसी विक्रम सिंह, मशहूर उद्योपति एसएस बांगा सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।