Haryana के कई जिले आज घनी धुंध की चपेट में रहे। जींद, फतेहाबाद, कैथल, यमुनानगर, सिरसा और नारनौल में विजिबिलिटी 30-50 मीटर तक सीमित रही। वहीं, फरीदाबाद में मौसम साफ रहा। वेस्टर्न डिस्टरबेंस के चलते वातावरण में नमी बढ़ी, जिससे सुबह और रात को घनी धुंध छाई रही।
मौसम विभाग ने हिसार, जींद, कैथल, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत और रोहतक जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में शीतलहर और कड़ाके की ठंड के साथ धुंध का प्रकोप रहेगा। शेष जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। अगले 2 दिनों तक घनी धुंध और बादल छाए रहने की संभावना है। 21 और 22 जनवरी को प्रदेशभर में बारिश का पूर्वानुमान है।

हिसार में रिकॉर्ड गिरावट, रोहतक में ठंड का कहर
हिसार का बालसमंद सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां दिन का तापमान 10.1°C और रात का पारा 5.6°C दर्ज किया गया। रोहतक में दिन का तापमान सामान्य से 7.5°C कम 12.3°C तक गिर गया।
कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को अपनी फसलों को सुरक्षित रखने की सलाह दी है। ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाएं 10-15 किमी/घंटा की रफ्तार से चलने की संभावना है, जिससे रात का तापमान 2-3°C तक गिर सकता है।
धुंध बनी जानलेवा, 3 की मौत
यमुनानगर जिले के साढ़ौरा कस्बे के असगरपुर में धुंध के कारण ओवरस्पीड ट्रक ने दो बाइकों को टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, विजिबिलिटी इतनी कम थी कि चालक बाइकों को देख नहीं पाया। इस हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वाहन धीमी गति से चलाएं और सावधानी बरतें।

21 जनवरी से बदल सकता है मौसम
नया पश्चिमी विक्षोभ 21 जनवरी को सक्रिय होगा, जिससे हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बन रही है। किसान और आम लोग सतर्क रहें, क्योंकि मौसम का यह बदलाव ठंड को और बढ़ा सकता है।