- 9 नगर निगम और 40 नगर निकायों में मतदान जारी, 12 मार्च को नतीजे
- अधिकांश नगर निगमों में भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ी टक्कर, मानेसर में निर्दलीय उम्मीदवार चुनौती पेश कर रहे।
- निकाय चुनाव की वोट डालने करनाल पहुंचे केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर
- महिलाओं, बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए विशेष व्यवस्थाएँ, ईवीएम खराबी के चलते कुछ स्थानों पर मतदान बाधित।
Haryana Municipal Elections 2025: हरियाणा में 9 नगर निगम और 40 नगर निकायों के लिए मतदान रविवार सुबह 8 बजे शुरू हुआ और शाम 6 बजे तक चलेगा। मतदान के नतीजे 12 मार्च को घोषित किए जाएंगे। इस चुनाव में 55 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। कई स्थानों पर ईवीएम हांफने की सूचना है। सुबह मतदान रफतार नहीं पकड़ पाया है। बता दें कि नगर निगमों के मेयर और वार्ड पार्षदों सहित 4 नगर परिषदों और 21 नगर पालिकाओं के अध्यक्षों और पार्षदों के चुनाव हो रहे हैं। इसी बीच निकाय चुनाव में करनाल में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने वोट डाला।

रोहतक में सुबह 10 बजे तक नहीं आई मतदान में तेजी
नगर निकाय चुनाव में सुबह के 10 बजे तक मतदान में तेजी नहीं आ सकी है। नगर निकाय जींद में 10 बजे तक सर्वाधिक 7.6 फीसदी लाेगों ने मतदान किया है। झज्जर में 6.1 फीसदी मतदान अपने मत का इस्तेमाल कर चुके हैं। नगर निगम रोहतक में जहां 2.1 फीसदी मतदान हुआ है, वहीं सोनीपत नगर निगम में महज 1.3 फीसदी मतदाताओं ने सुबह 10 बजे तक वोट डाला है।
नगर निकाय 10 बजे
झज्जर 6.1%
जींद 7.6%
महेंद्रगढ़ 1.6%
रोहतक 2.1%
सोनीपत 1.3%

भाजपा बनाम कांग्रेस – प्रमुख मुकाबले
हरियाणा के निकाय चुनावों में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर देखी जा रही है। सोनीपत, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, फरीदाबाद, मानेसर, गुरुग्राम, हिसार और रोहतक नगर निगमों में दोनों दलों ने पूरी ताकत झोंक दी है। मानेसर में निर्दलीय उम्मीदवार भाजपा को कड़ी चुनौती दे रहे हैं।

रोहतक में भारी मतदान, EVM खराबी से बाधा
रोहतक में सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें देखी गईं। बूथ नंबर 179 पर बड़ी संख्या में लोग वोट डालने पहुंचे। हालांकि, वार्ड 16 के बूथ 207 और 206 पर ईवीएम खराब हो जाने से मतदान कुछ देर के लिए बाधित हुआ, जिसे 10 मिनट के भीतर ठीक कर दिया गया।
बुजुर्ग और दिव्यांगों के लिए विशेष व्यवस्थाएँ
इस चुनाव में बुजुर्ग मतदाताओं और दिव्यांगों के लिए विशेष सुविधाएँ मुहैया कराई गईं। व्हीलचेयर की उपलब्धता और सहायता कर्मियों की तैनाती के कारण दिव्यांगों ने आसानी से अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
महिला मतदाताओं की भागीदारी बढ़ी
महिला मतदाता इस बार बढ़-चढ़कर मतदान कर रही हैं। मतदान केंद्रों पर महिलाओं के लिए अलग कतारें बनाई गईं ताकि वे बिना किसी असुविधा के अपना वोट डाल सकें।

सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद
मतदान के दौरान सुरक्षा को लेकर कड़े इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
यमुनानगर : संगठन की वजह से भाजपा घर-घर पहुंची
नगर निगम यमुनानगर में मेयर पद इस बार अनुसूचित जाति के लिए रिजर्व है। यहां भाजपा से सुमन बहमनी और कांग्रेस से किरण देवी के अलावा आजाद उम्मीदवार मधु चुनाव मैदान में हैं। प्रत्याशी भले ही तीन हों, लेकिन मुख्य मुकाबला भाजपा व कांग्रेस के बीच माना जा रहा है। सुमन बहमनी यमुनानगर की जिला शिक्षा अधिकारी रह चुकी हैं। बहमनी के पास राजनीतिक अनुभव भले न हो लेकिन उनके साथ भाजपा का मजबूत संगठन खड़ा है। कांग्रेस प्रत्याशी किरण देवी साढौरा के पूर्व विधायक राजपाल भूखड़ी की पत्नी हैं। सैलजा समर्थक राजपाल भूखड़ी कई साल से राजनीति में सक्रिय नहीं हैं। कांग्रेस के अन्य दावेदारों की अनदेखी करके किरण देवी को टिकट दिया गया। हुड्डा गुट भी पूरी तरह से उनके साथ नहीं दिख रहा। उनके चुनाव प्रचार में भी अभी तक कांग्रेस का कोई बड़ा नेता नहीं पहुंचा है।
करनाल: रेणू के लिए सीएम ने झोकी ताकत, कांग्रेस के लिए स्थानीय नेता मैदान में
नगर निगम करनाल के मेयर पद पर भाजपा की रेणू बाला गुप्ता का कांग्रेस के मनोज वधवा से सीधा मुकाबला है। भाजपा ने मेयर के पक्ष में जहां प्रचार के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री एवं सांसद मनोहर लाल, कैबिनेट मंत्री डॉ.अरविंद शर्मा समेत कई बड़े नेताओं को भी चुनाव मैदान में उतारा। वहीं, स्थानीय विधायक जगमोहन आनंद व जिले के अन्य विधायक भी उनके चुनाव प्रचार में जुटे रहे। उधर, कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में कोई नामी नेता नहीं दिखा। हालांकि स्थानीय नेताओं ने प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है। कांग्रेस प्रत्याशी पंजाबी बिरादरी से हैं। वहीं भाजपा प्रत्याशी रेणू बाला गुप्ता वैश्य बिरादरी हैं। पंजाबी और वैश्य दोनों शहर की बड़ी बिरादरी हैं। सत्ता पक्ष के नेताओं के साथ होने के कारण रेणू वाला का मजबूत स्थिति में हैं। भाजपा ने अपनी उपलब्धियों, कराए गए कार्यों, घोषणाओं को लेकर प्रचार किया तो कांग्रेस ने विकास कार्यों में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए और अपने संकल्प पत्र के आधार पर शहर के लोगों को विकास कराने का भरोसा दिया।
फरीदाबाद : भाजपा व कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला
फरीदाबाद मेयर पद के लिए भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशी के बीच बड़ा मुकाबला है। भाजपा की ओर से जहां हरियाणा बाल कल्याण आयोग की अध्यक्ष प्रवीण बत्रा जोशी मैदान में हैं। कांग्रेस से फरीदाबाद से लोकसभा क्षेत्र में पार्टी अध्यक्ष पद पर रहे रिंकू चंदीला की पत्नी लता रानी चंदीला मैदान में हैं। प्रचार में भाजपा ने बाजी मार ली है। मुख्यमंत्री से लेकर फिल्म अभिनेता भी चुनाव प्रचार के लिए आए। इसके अलावा संगठन से मजबूत भाजपा ने बूथ-बूथ पर जाकर मेयर प्रत्याशी का प्रचार किया है। वहीं, कांग्रेस की ओर से प्रदेशाध्यक्ष उदयभान और रोहतक के सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने प्रचार किया है। वहीं, आप, बसपा और समाजवादी पार्टी समर्थित निर्दलीय मेयर प्रत्याशी अपने कोर वोट बैंक के जरिए कांग्रेस प्रत्याशी को बड़ा नुकसान पहुंचा सकते हैं।
मानेसर : भाजपा व निर्दलीय के बीच मुकाबला
नगर निगम मानेसर मेयर की सीट सबसे हॉट बनी हुई है। यहां पर चार उम्मीदवार हैं। चारों यादव बिरादरी से हैं। यहां पर भाजपा उम्मीदवार सुंदर लाल यादव और निर्दलीय उम्मीदवार डाॅ. इन्द्रजीत के बीच सीधा मुकाबला है। यहां पर कांग्रेस से नीरज यादव व निर्दलीय डॉ. विजय सिंह हैं। प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री भाजपा के उम्मीदवार के साथ खुलकर प्रचार कर रहे हैं। वहीं, केंद्रीय राज्य मंत्री के एक आडियो से छेड़छाड़ के बाद इसे वायरल करने के आरोप से चुनाव और रोमांचक हो उठा है। मानेसर में पहली बार चुनाव हो रहे हैं। ऐसे में भाजपा के लिए यह चुनाव साख बन गया है।
गुरुग्राम : भाजपा के लिए संगठन ने लगाया जोर
गुरुग्राम नगर निगम में मेयर पद के लिए सिर्फ दो ही उम्मीदवार हैं। इनमें भाजपा से राजरानी मल्होत्रा और कांग्रेस से सीमा पाहुजा के बीच मुकाबला है। कांग्रेस से मेयर का चुनाव लड़ रही सीमा पाहूजा 10 साल तक पार्षद रही हैं। वहीं भाजपा की उम्मीदवार राज रानी मल्होत्रा के पति भाजपा के साथ संगठन में सक्रिय रहे हैं। संगठन और सत्ता की वजह से भाजपा यहां पर मजबूत स्थिति में नजर आ रही है। वहीं, स्थानीय पकड़ होने की वजह से पाहुजा को भी कमजोर नहीं आंका जा रहा।
हिसार : नगर निगम के चुनाव में इस बार मुद्दों के बजाय पार्टियां हावी
हिसार में हिसार नगर निगम में मेयर पद के लिए सात प्रत्याशी मैदान में हैं। मगर मुख्य मुकाबला भाजपा प्रत्याशी प्रवीण पोपली और कांग्रेस प्रत्याशी कृष्ण सिंगला टीटू के बीच है। भाजपा के कई मंत्री चुनाव प्रचार के लिए पहुंचे। हिसार से निर्दलीय विधायक सावित्री जिंदल ने भी भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार में हिस्सा लिया। वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी कृष्ण सिंगला टीटू के प्रचार में पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा, पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बिरेंद्र सिंह और सांसद जयप्रकाश ने पूरी सक्रियता दिखाई। निगम के चुनाव में इस बार मुद्दों के बजाय पार्टियां हावी हैं।
रोहतक : कांग्रेस के गढ़ में सेंध लगाने की कोशिश में भाजपा
रोहतक नगर निगम चुनाव में मेयर पद के लिए पांच उम्मीदवार मैदान में हैं। मुख्य मुकाबला भाजपा व कांग्रेस के बीच है। भाजपा जहां हुड्डा के गढ़ को भेदने की तैयारी में है, वहीं कांग्रेस अपने अभेद किले को बचाने के लिए पूरा जोर लगाया हुआ है। भाजपा उम्मीदवार रामअवतार वाल्मीकि के पक्ष में चुनाव प्रचार के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी दो बार रोहतक पहुंचे। मुख्यमंत्री के अलावा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा, मंत्री कृष्णलाल पंवार, मंत्री श्रुति चौधरी, मंत्री कृष्ण बेदी, विस के उपाध्यक्ष कृष्णलाल मिड्ढा, पूर्व वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने जनसभा की। वहीं, कांग्रेस उम्मीदवार सूरजमल किलोई के पक्ष में सांसद दीपेंद्र हुड्डा ही प्रचार में उतरे। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा चुनाव प्रचार से दूर रहे।