Chandigarh हरियाणा में आगामी निकाय चुनावों की तैयारियों को लेकर राज्य निर्वाचन आयुक्त धनपत सिंह और मुख्य सचिव डॉ. विवेक जोशी ने एक उच्चस्तरीय बैठक की। प्रशासन ने आश्वासन दिया कि चुनाव प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पूरा सहयोग प्रदान किया जाएगा। बैठक में आदर्श आचार संहिता के पालन, कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने, बिजली और जल आपूर्ति की सुचारू व्यवस्था, स्वच्छता और स्वास्थ्य सेवाओं की सुनिश्चितता तथा आबकारी एवं कराधान से जुड़े मुद्दों की समीक्षा की गई।
राज्य में 8 नगर निगम, 4 नगर परिषद और 21 नगर पालिकाओं में चुनाव होंगे। इनमें महापौर, अध्यक्ष और वार्ड पार्षदों का चयन किया जाएगा। इसके अलावा, अंबाला व सोनीपत नगर निगमों के महापौर, नगर परिषद सोहना (गुरुग्राम) और नगर पालिका असंध (करनाल) व इस्माइलाबाद (कुरुक्षेत्र) के अध्यक्ष पद के लिए उप-चुनाव भी कराए जाएंगे। लाडवा (कुरुक्षेत्र), सफीदों (जींद) और तरावड़ी (करनाल) के कुछ वार्डों में भी उप-चुनाव होगा।
मतदान कार्यक्रम के अनुसार, पानीपत को छोड़कर सभी नगर निकायों में 2 मार्च 2025 को मतदान होगा, जबकि पानीपत नगर निगम में महापौर और वार्ड पार्षदों के लिए मतदान 9 मार्च 2025 को होगा। इन चुनावों के लिए कुल 45,26,227 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 24,03,004 पुरुष, 21,23,072 महिला और 151 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। मतदान के लिए 4,469 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं।
नगर निकायों में कुल 644 वार्डों में चुनाव होंगे, जिनमें 78 वार्ड अनुसूचित जाति, 55 अनुसूचित जाति की महिलाओं, 29 पिछड़ा वर्ग (ए), 34 पिछड़ा वर्ग (ए) की महिलाओं, 8 पिछड़ा वर्ग (बी), 30 पिछड़ा वर्ग (बी) की महिलाओं, 111 महिलाओं और 299 अनारक्षित वार्ड शामिल हैं।
इस महत्वपूर्ण बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव (उच्चतर शिक्षा) श्री विनीत गर्ग, शहरी स्थानीय निकाय विभाग के आयुक्त एवं सचिव विकास गुप्ता, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के आयुक्त एवं सचिव मोहम्मद शाइन और सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की अतिरिक्त निदेशक वर्षा खंगवाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।