Copy of फैसले की घड़ी

हरियाणा नगर निकाय चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत, पीएम मोदी ने कहा- जनता का अटूट विश्वास!

हरियाणा

● हरियाणा नगर निकाय चुनाव में भाजपा की जबरदस्त जीत, 10 में से 9 निगमों पर कब्जा।
● पीएम मोदी और अमित शाह ने सीएम नायब सिंह सैनी की तारीफ की।
● कांग्रेस का पूरी तरह सफाया, नवगठित मानेसर नगर निगम में निर्दलीय की जीत।

Haryana Municipal Elections:हरियाणा नगर निकाय चुनाव में भाजपा ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए 10 में से 9 नगर निगमों में जीत दर्ज की है। यह जीत विधानसभा चुनाव के महज पांच महीने बाद आई है और इसे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व की बड़ी सफलता माना जा रहा है। भाजपा की इस ऐतिहासिक जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री सैनी की जमकर सराहना की है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि यह जीत हरियाणा की जनता के भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर अटूट विश्वास को दर्शाती है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय पार्टी कार्यकर्ताओं के कठिन परिश्रम को भी दिया और जनता को भरोसा दिलाया कि उनकी आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए सरकार कोई कसर नहीं छोड़ेगी।

Whatsapp Channel Join

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी हरियाणा में भाजपा की इस जीत को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि प्रदेश की जनता ने एक बार फिर भाजपा पर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि वार्ड से लेकर विधानसभा और पंचायत से लेकर संसद तक भाजपा लोगों की पहली पसंद बन चुकी है। इस जीत का श्रेय मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली और सभी पार्टी कार्यकर्ताओं को जाता है।

गौरतलब है कि नवगठित मानेसर नगर निगम में निर्दलीय उम्मीदवार ने जीत दर्ज की है, जबकि कांग्रेस को निकाय चुनावों में करारी हार का सामना करना पड़ा है। इस नतीजे से स्पष्ट हो गया है कि हरियाणा में भाजपा का जनाधार लगातार मजबूत हो रहा है।