हरियाणा में रेवाड़ी शहर के झज्जर रोड स्थित ओवरब्रिज के नीचे रेलवे लाइन पर एक व्यक्ति की लाश बरामद हुई है, उसकी मौत ट्रेन से गिरकर हुई है। हालांकि अभी ये नहीं पता चल पाया कि वो किस ट्रेन में सवार था। जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार दीपावली के त्योहार पर रविवार सुबह जीआरपी को सूचना मिली की स्टेशन से कुछ दूर आगे दिल्ली रेलमार्ग पर शहर के झज्जर रोड ओवरब्रिज के नीचे एक व्यक्ति की लाश पड़ी हुई है। पुलिस मौके पर पहुंची तो ट्रैक पर शव पड़ा मिला। उसके नाक और मुंह से खून निकल रहा था। जीआरपी ने बताया कि उसकी शिनाख्त हो गई है, वह महेंद्रगढ़ जिले का रहने वाला 35 वर्षीय रौनक है। हादसे की सूचना रौनक के परिजनों को दे दी गई है।
संभवत ट्रेन के दरवाजे के पास बैठा होगा
पुलिस के मुताबिक उसकी मौत देर रात किसी ट्रेन से गिरकर हुई है। संभवत: वह ट्रेन के दरवाजे के पास बैठा होगा। ओवरब्रिज के नीचे कैंची है। ट्रैक बदलते वह उसकी गिरने के कारण मौत हुई हो। हालांकि जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर हादसे की जांच शुरू कर दी है। परिजनों के पहुंचने के बाद उसके शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।

