● 14 से 16 मई तक मौसम साफ रहने की संभावना, 17 मई को 8 जिलों में संभावित बारिश
● फरीदाबाद में 24 घंटे में तापमान 1.9 डिग्री बढ़ा, नूंह में रिकॉर्ड 41.8 डिग्री तापमान
Haryana temperature rise: हरियाणा में गर्मी का असर तेज हो गया है। प्रदेश के अधिकतम तापमान में मंगलवार को औसतन 6.1 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई और यह सामान्य के नजदीक पहुंच गया है। नूंह (मेवात) जिले में अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो प्रदेश में सबसे गर्म स्थान रहा।
मौसम विभाग के अनुसार, आगामी तीन दिन यानि 14 से 16 मई तक मौसम पूरी तरह से साफ रहेगा, लेकिन 17 मई को फिर से बदलाव देखने को मिलेगा। इस दिन हरियाणा के 8 जिलों – सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, कैथल, करनाल, सोनीपत और पानीपत – में बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अतिरिक्त कुछ स्थानों पर तेज हवाएं चल सकती हैं और बादल छाए रह सकते हैं।
मंगलवार को प्रदेश के 9 जिलों (हिसार, गुरुग्राम, भिवानी, रोहतक, फतेहाबाद, झज्जर, चरखी दादरी, जींद और सोनीपत) में हल्की से मध्यम बारिश रिकॉर्ड की गई। हिसार और बालसमंद के सीसवाला गांव में ओले भी गिरे। वहीं, पानीपत, रेवाड़ी व फरीदाबाद में बादलों के साथ तेज हवाएं चलीं।
फरीदाबाद में 24 घंटे में तापमान में 1.9 डिग्री की बढ़ोतरी हुई, जिससे वहां का अधिकतम तापमान 39.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सभी जिलों में तापमान में बढ़ोतरी हुई है, जिससे लोगों को गर्मी का असर अधिक महसूस हो रहा है।