weather 40 4

हरियाणा के खेल मंती के हाथों डबवाली की कमान, गौरव गौतम बने विधानसभा प्रभारी

हरियाणा राजनीति

➤खेलमंत्री गौरव गौतम को डबवाली विधानसभा क्षेत्र का नया प्रभारी नियुक्त किया गया।
➤युवाओं के विकास और खेलों को बढ़ावा देने पर रहेगा विशेष फोकस।
➤इनेलो के गढ़ माने जाने वाले डबवाली में भाजपा की पकड़ मजबूत करने की रणनीति।

हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी ने आगामी चुनावी रणनीति को लेकर संगठनात्मक मोर्चे पर सक्रियता तेज कर दी है। इसी कड़ी में प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने सभी विधानसभा क्षेत्रों के लिए प्रभारियों की नियुक्ति की है। इस क्रम में खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम को डबवाली विधानसभा सीट का प्रभारी नियुक्त किया गया है।

गौरव गौतम ने अपनी नियुक्ति पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह डबवाली क्षेत्र में भाजपा द्वारा चलाई जा रही योजनाओं और विकास कार्यों पर पूरी निगरानी रखेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि इस क्षेत्र के युवाओं को खेलों में आगे लाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। उन्होंने पहले से ही प्रदेश में खेल नर्सरियों को सशक्त बनाने, खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और सम्मानित करने जैसे कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाई है।

Whatsapp Channel Join

डबवाली विधानसभा क्षेत्र, जो परंपरागत रूप से इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) का गढ़ माना जाता है, वहां भाजपा की यह नियुक्ति एक राजनीतिक संदेश के तौर पर देखी जा रही है। भाजपा अब इस सीट पर अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश में है, और गौरव गौतम जैसे सक्रिय मंत्री को नियुक्त कर पार्टी ने यह संकेत दिया है कि वह हर मोर्चे पर विपक्ष को चुनौती देने को तैयार है।

गौतम ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश के हर क्षेत्र में समान रूप से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। डबवाली में भी लोगों को इन विकास योजनाओं से जोड़ने का प्रयास होगा। उन्होंने यह भी कहा कि वे पूर्ववर्ती सरकारों द्वारा किए गए कथित धोखों को उजागर करेंगे और लोगों को भाजपा की योजनाओं से अवगत कराएंगे।

गौरव गौतम की यह नियुक्ति सिर्फ एक संगठनात्मक बदलाव नहीं बल्कि एक रणनीतिक दांव है, जिसमें भाजपा ने खेल और युवाओं के माध्यम से डबवाली जैसे राजनीतिक रूप से संवेदनशील क्षेत्र को साधने की कोशिश की है।