Haryana Weather Update: हरियाणा में बढ़ती गर्मी के बीच मौसम एक बार फिर बदलने के संकेत मिल रहे हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, प्रदेश में 12 मार्च से 14 मार्च (होली) तक बारिश होने की संभावना है। आज सुबह से ही पश्चिमी विक्षोभ का असर देखा जा सकता है, जिससे आसमान में बादल छाए हुए हैं। इसके चलते दिन के तापमान में स्थिरता बनी रहेगी और आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में गिरावट संभव है।
हरियाणा में तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिससे गर्म हवाओं का असर महसूस किया जा रहा है। राज्य के 9 जिलों में तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। महेंद्रगढ़ में 33.7 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया। राजस्थान से सटे हरियाणा के क्षेत्रों में भी तेज गर्मी महसूस की जा रही है। हालांकि, मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि पश्चिमी विक्षोभ से कुछ राहत मिलेगी, लेकिन उसके बाद तापमान दोबारा तेजी से बढ़ सकता है।
हरियाणा चौधरी चरण सिंह कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के प्रमुख डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा में 13 मार्च तक मौसम परिवर्तनशील रहेगा। इस दौरान हल्के बादल छाए रहेंगे और हवाओं में बदलाव देखने को मिलेगा। 11 और 12 मार्च को मध्यम से तेज गति की हवाएं चलने की संभावना है। 14 मार्च से एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे फिर से मौसम परिवर्तन हो सकता है।

