City Tehlka

हरियाणा तप रहा, सिरसा में 42.8 डिग्री तापमान, 6 जिलों में लू का रेड अलर्ट

हरियाणा

● हरियाणा के सिरसा में तापमान 42.8 डिग्री, हीटवेव अलर्ट
● 6 जिलों में रेड अलर्ट, 12 जिलों में यलो अलर्ट जारी
● 10 अप्रैल से बदलेगा मौसम, हल्की बारिश की संभावना

हरियाणा में गर्मी का प्रकोप दिन-ब-दिन बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को सिरसा राज्य का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, नारनौल में तापमान 42.4 डिग्री पहुंच गया। पूरे प्रदेश में औसत तापमान सामान्य से 5.1 डिग्री अधिक दर्ज किया गया है, जो चिंता का विषय बनता जा रहा है।

मौसम विभाग ने बुधवार के लिए हरियाणा के 6 जिलों सिरसा, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, फतेहाबाद और रोहतक में हीटवेव को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा 12 जिलों महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, पलवल, मेवात, फरीदाबाद, सोनीपत, पानीपत, जींद, कैथल और करनाल को यलो अलर्ट पर रखा गया है। पंचकूला, यमुनानगर, अंबाला और कुरुक्षेत्र ग्रीन जोन में हैं, जहां मौसम अपेक्षाकृत सामान्य बना हुआ है।

Whatsapp Channel Join

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, 9 अप्रैल तक प्रदेश का मौसम खुश्क रहने की संभावना है। उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण दिन के तापमान में और वृद्धि हो सकती है। हालांकि 9 अप्रैल की रात से पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में बदलाव होगा। 10 और 11 अप्रैल को प्रदेश के कई हिस्सों में आंशिक बादल और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे 12-13 अप्रैल को तापमान में हल्की गिरावट हो सकती है।

वहीं, भिवानी के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रघुवीर शांडिल्य ने लोगों को लू से बचाव के लिए सतर्क किया है। उन्होंने बताया कि लू से शरीर में पानी की कमी हो सकती है, जिससे बीपी गिर सकता है, शरीर का तापमान असामान्य रूप से बढ़ सकता है और गंभीर स्थिति में व्यक्ति बेहोश भी हो सकता है।

लू से बचाव के उपाय:

  • पानी, लस्सी, शिकंजी, नमक-चीनी का घोल जैसे तरल पदार्थों का अधिक सेवन करें
  • दोपहर में बाहर निकलने से बचें
  • शरीर को ढक कर रखें और हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें
  • खाली पेट न रहें

प्रदेश में तापमान में उतार-चढ़ाव भी देखने को मिला। जहां सिरसा और नारनौल में 1.8 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई, वहीं पानीपत और जींद में 0.8 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।