
समालखा, अशोक शर्मा
नई अनाज मंडी समालखा में उप मंडल स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें विधायक मनमोहन भडाणा ने मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत करके ध्वजारोहण किया। परेड का निरीक्षण करने उपरांत उन्होंने शहीदों व स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए समालखा वासियों को आजादी के पावन पर्व की शुभकामनाएं दी। आजादी की 79वीं वर्षगांठ पर उन्होंने अपने संबोधन में कहा पूरे साल में स्वतंत्रता दिवस एक ऐसा दिन होता है जिससे करोड़ों देशवासियों का भावनात्मक लगाव होता है।यह दिन हमें भारत मां के उन वीर सपूतों की याद दिलाता है जिन्होंने अपने प्राण न्योछावर करके स्वतंत्रता दिलाई। आज पूरा भारत तिरंगामय है ,हर गली व घर तिरंगे के रंग में रंगा है।हमारे देश के वीर शहीदों की शहादत के बदौलत लहराता यह तिरंगा हमारे इतिहास,संघर्ष,संस्कृति व हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने आजादी के जो सपने देखे थे उनका जीवंत प्रतीक है।जब भी दुश्मनों ने भारत की अस्मिता पर चोट पहुंचाने का प्रयास किया है तब तब हमारे देश के वीर जवानों ने दुश्मन को करारा जवाब दिया है।

हाल ही में पूरी दुनिया ने देखा कि किस प्रकार 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में आतंकवादियों ने निर्दोष लोगों पर हमला करके जान से मार दिया जो कि सिर्फ एक आतंकी हमला न होकर भारत की आत्मा पर किया गया,दुस्साहसपूर्ण प्रहार था। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री ने इस कायरतापूर्ण घटना के तुरंत बाद कहा था इसके पीछे जिसका भी हाथ होगा उन्हें उनकी कल्पना से भी कठोर सजा दी जाएगी आज मुझे यह कहते हुए बहुत गर्व का अनुभव हो रहा है कि हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में 7 मई की रात को देश के बहादुर सुरक्षा बलों ने ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम देते हुए पाकिस्तान की सरजमीं पर बने नौ आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया।यह कार्यवाही उन शक्तियों के लिए स्पष्ट संदेश थी जो भारत के खिलाफ आतंकवाद को प्रायोजित व पोषित करती हैं उन्हें किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
इसके पश्चात एक और निर्णायक कार्यवाही करते हुए ऑपरेशन महादेव चलाकर हमारे सुरक्षा बलों ने पहलगाम मामले में शामिल आतंकियों को समाप्त करने का काम किया।
इसके पश्चात माननीय मुख्य अतिथि ने सरकार की कुछ अहम व जनहितैषी कार्यों जैसे गरीब महिलाओं के लिए₹500 में गैस सिलेंडर, पिछले 10 वर्षों में लगे नए लघु व मध्यम 7 लाख 66 हजार उद्योग, मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों के लिए नगद पुरस्कार व नौकरियां,युवाओं को बिना खर्ची पर्ची के योग्यता के आधार पर दी जाने वाली हजारों सरकारी नौकरियां,किडनी के इलाज के लिए मुफ्त डायलिसिस सेवा व इसके अलावा सरकार द्वारा किए गए अनेकों जनहितकारी कार्यों से अवगत कराया। संबोधन के अंत में उन्होंने कहा हम सबको मिलकर संकल्प लेना चाहिए कैसी भी परिस्थिति हो हम अपने देश की गरिमा,एकता,अखंडता संप्रभुता और राष्ट्र की रक्षा में अडिग रहेंगे। हम केवल वर्तमान ही नहीं बल्कि आने वाले कल की भी नींव मजबूत करेंगे ताकि आने वाले समय में भारत विश्व में अग्रणी बन सके। हमारा यही संकल्प और कर्म हमारे अमर शहीदों के लिए सबसे बड़ी श्रद्धांजलि होगी।

इसके अतिरिक्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विभिन्न स्कूलों के बच्चों द्वारा पीटी,परेड योगा व अनेक प्रकार के सांस्कृतिक गतिविधियां प्रस्तुत की गई।कार्यक्रम की समाप्ति पर समालखा उपमंडल प्रशासन द्वारा सभी विद्यार्थियों कर्मचारीयों वमौके पर उपस्थित सभी लोगों को पौधे वितरित करते हुए पर्यावरण को बचाने का संदेश दिया गया।

