गुजरात के पोरबंदर तट के पास एक हेलीकॉप्टर क्रैश हादसे में भारतीय तटरक्षक बल के क्रू सदस्य कर्ण सिंह शहीद हो गए। Karan Singh झज्जर जिले के गांव डावला के निवासी थे। उनकी शहादत की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। शहीद कर्ण सिंह का पार्थिव शरीर कल उनके पैतृक गांव डावला पहुंचेगा। उनके शहीद होने की खबर सुनते ही गांव में मातम छा गया है, और परिवार तथा ग्रामीण गहरे दुख में हैं।
कर्ण सिंह ने 13 साल पहले भारतीय तटरक्षक बल में भर्ती होकर देश की सेवा का संकल्प लिया था। हाल ही में उन्होंने गुजरात में आई तूफानी बारिश के दौरान अपनी टीम के साथ मिलकर 67 लोगों की जान बचाई थी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कर्ण सिंह को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि कर्ण सिंह की बहादुरी और देश सेवा को हमेशा याद रखा जाएगा। कर्ण सिंह की शहादत से उनके गांव डावला में गहरा शोक छाया हुआ है। ग्रामीण और परिवारजन उनके साहस और वीरता को याद कर भावुक हो रहे हैं। उनके अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे।






