हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी

राज्यसभा उपचुनाव: BJP ने रेखा शर्मा को बनाया प्रत्याशी, CM नायब सिंह सैनी की उपस्थिति में भरा नामांकन

हरियाणा चंडीगढ़

राज्यसभा उपचुनाव में BJP प्रत्याशी श्रीमती रेखा शर्मा ने राज्यसभा सीट के उपचुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

रेखा शर्मा के साथ भाजपा प्रदेशाध्यक्ष श्री मोहन लाल बडौली और राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री श्री विपुल गोयल भी मौजूद थे। नामांकन प्रक्रिया के दौरान भाजपा नेताओं ने रेखा शर्मा की उम्मीदवारी को पार्टी की मजबूती और राज्य के विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।

दो बार रह चुकी हैं राष्ट्रीय महिला आयोग की चेयरपर्सन

Whatsapp Channel Join

हरियाणा में राज्यसभा की खाली सीट के उपचुनाव के लिए भाजपा ने रेखा शर्मा को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। रेखा शर्मा, जो दो बार राष्ट्रीय महिला आयोग की चेयरपर्सन रह चुकी हैं, मूल रूप से पंचकूला की निवासी हैं। हालांकि, महिला आयोग में सदस्य बनने के बाद वे नई दिल्ली में शिफ्ट हो गई थीं। रेखा शर्मा पिछले कई वर्षों से भाजपा में सक्रिय हैं और पंचकूला में नगर पार्षद का चुनाव भी लड़ चुकी हैं।

सूत्रों के मुताबिक, रेखा शर्मा का नाम पार्टी हाईकमान के स्तर पर तय हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हरियाणा मामलों के प्रभारी रहने के समय से ही वे पंचकूला की राजनीति में सक्रिय थीं। विधानसभा चुनावों में भी उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही है।

रेखा शर्मा ने पंचकूला के सेक्टर-9 और सेक्टर-12 में निवास किया और बाद में जीरकपुर के पीरमुछल्ला स्थित बॉलीवुड हाइट्स में शिफ्ट हो गईं। महिला आयोग की सदस्य बनने के बाद उन्हें कार्यकारी चेयरपर्सन और फिर दो कार्यकाल के लिए चेयरपर्सन बनाया गया। अगस्त 2024 में उनका कार्यकाल समाप्त हुआ। अब भाजपा ने उन्हें राज्यसभा भेजने का फैसला किया है।

राज्यसभा उपचुनाव इसराना विधायक और विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार के इस्तीफे के बाद हो रहा है। इस सीट का कार्यकाल लगभग चार वर्ष का होगा। भाजपा नेतृत्व ने सोमवार को रेखा शर्मा की उम्मीदवारी का आधिकारिक ऐलान किया।

रेखा शर्मा मंगलवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और अन्य मंत्रियों व विधायकों की उपस्थिति में अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगी। माना जा रहा है कि इस उपचुनाव में रेखा शर्मा का निर्विरोध चुना जाना तय है।

हरियाणा विधानसभा में राज्यसभा सीट के उपचुनाव में भाजपा की प्रत्याशी रेखा शर्मा का निर्विरोध चुना जाना तय है। 90 सदस्यों वाली हरियाणा विधानसभा में भाजपा के पास 48 विधायकों का बहुमत है। साथ ही तीन निर्दलीय विधायक – सावित्री जिंदल (हिसार), देवेंद्र कादियान (गन्नौर), और राजेश जून (बहादुरगढ़) – भी भाजपा सरकार को समर्थन दे रहे हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि भाजपा के पास इस सीट के लिए पर्याप्त संख्या बल है। इसी के चलते कांग्रेस ने इस उपचुनाव में कोई उम्मीदवार नहीं उतारा।

नामांकन और चयन प्रक्रिया

रेखा शर्मा ने मंगलवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन पत्रों की छंटनी बुधवार को होगी, जबकि 13 दिसंबर नामांकन-पत्र वापसी की आखिरी तारीख है। चूंकि रेखा शर्मा के मुकाबले कोई अन्य उम्मीदवार नहीं है, ऐसे में 13 दिसंबर को उन्हें निर्विरोध विजयी घोषित कर दिया जाएगा। उसी दिन रिटर्निंग अधिकारी उन्हें राज्यसभा सांसद के लिए प्रमाणपत्र सौंपेंगे।

यह उपचुनाव इसराना विधायक कृष्णलाल पंवार के राज्यसभा से इस्तीफे के बाद हो रहा है। पंवार ने विधानसभा चुनाव जीतने के बाद 14 अक्टूबर को इस्तीफा दिया था।

पहली बार राज्यसभा में दो महिलाएं

हरियाणा के इतिहास में यह पहली बार होगा जब राज्यसभा में एक ही समय पर दो महिलाएं होंगी। इससे पहले, कांग्रेस से भाजपा में आईं पूर्व मंत्री किरण चौधरी को राज्यसभा भेजा गया था। अब रेखा शर्मा के चुने जाने से यह रिकॉर्ड बनेगा।

दिग्गज नेताओं को झटका

राज्यसभा की इस सीट के लिए भाजपा के कई दिग्गज नेता प्रयासरत थे, लेकिन रेखा शर्मा के नाम पर मुहर लगने से उनकी उम्मीदें धरी रह गईं।

  • मोहनलाल बड़ौली, पार्टी प्रदेशाध्यक्ष और सिटिंग विधायक, राज्यसभा जाने की उम्मीद कर रहे थे।
  • संजय भाटिया, करनाल के पूर्व सांसद, भी इस दौड़ में शामिल थे।
  • सुनीता दुग्गल, सिरसा की पूर्व सांसद, और डॉ. बनवारी लाल, हरियाणा के पूर्व मंत्री, भी अपनी दावेदारी पेश कर रहे थे।
  • सत्यप्रकाश जरावता, पटौदी के पूर्व विधायक, एससी कोटे से अपनी उम्मीदवारी की आस लगाए थे।

पार्टी नेतृत्व ने इन सभी की उम्मीदों को दरकिनार करते हुए रेखा शर्मा को चुना, जो भाजपा की महिला नेतृत्व को मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।

Read More News…..