- हरियाणा के 9 जिलों में लू का रेड अलर्ट, तापमान 48°C तक पहुंच सकता है
- हिसार, भिवानी, सिरसा सहित 6 जिलों में पारा 44 डिग्री से ऊपर
- 14 जून से मौसम बदलेगा, आ सकती है धूलभरी आंधी और हल्की बारिश
Heatwave Haryana:हरियाणा में गर्मी का कहर चरम पर है। मौसम विभाग ने 13 जून तक 9 जिलों में हीटवेव (लू) को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। ये जिले हैं: सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, रोहतक, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी। बुधवार को इन जिलों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से भी ऊपर रहा और सिरसा में तो यह 46.6°C तक पहुंच गया।
मौसम विभाग का अनुमान है कि 14 जून से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे धूलभरी आंधी और बूंदाबांदी के आसार हैं और तापमान में 2-4 डिग्री की गिरावट आ सकती है।
गुरुग्राम के डीसी अजय कुमार ने लोगों से सुबह 11 से शाम 4 बजे तक घर में रहने की एडवाइजरी जारी की है। साथ ही डॉक्टरों ने भी चेहरा व सिर ढकने, पानी भरपूर पीने और धूप में बाहर न निकलने की सलाह दी है।
डॉक्टरों के मुताबिक, लू लगने पर उल्टी-दस्त, चक्कर, और दौरे तक पड़ सकते हैं। इसलिए सावधानी बेहद जरूरी है।