Haryana के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी(CM Saini) ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा(Bhupendra Hooda) पर चुनाव में धांधली का आरोप लगाते हुए कहा कि हुड्डा साम-दाम-दंड-भेद का इस्तेमाल कर रहे हैं। इसके जवाब में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा(Bhupendra Hooda) ने कहा कि भाजपा सरकार अब बौखला गई है। हुड्डा ने कहा कि भाजपा को एहसास हो गया है कि हरियाणा में उनकी हार निश्चित है।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि उनका पालन-पोषण एक राजनीतिक परिवार में हुआ है, इसलिए उन्हें राजनीति की अच्छी समझ है। उन्होंने भाजपा सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि हरियाणा में कोई भी स्थायी नौकरी नहीं है। कांग्रेस के सत्ता में आने पर भाजपा की जनविरोधी नीतियों(policie) को बंद किया जाएगा। हुड्डा ने वादा किया कि कांग्रेस की सरकार आने पर हरियाणा के युवाओं को 2 लाख नौकरियां दी जाएंगी।

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि एग्जिट पोल के नतीजों से भी बेहतर परिणाम आने की उम्मीद है। उन्होंने दावा किया कि लोगों ने कांग्रेस को दिल खोलकर वोट दिया है, इसलिए 4 जून को नतीजे कांग्रेस के पक्ष में होंगे। जनता के फैसले का सम्मान किया जाएगा।
जान बूझकर रखी भर्तियों की कमी
ग्रुप सी और ग्रुप डी की नौकरियों को लेकर हाई कोर्ट के फैसले पर भाजपा सरकार द्वारा सुप्रीम कोर्ट जाने की बात पर हुड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार ने जानबूझकर भर्तियों में कमी रखी है, जिससे युवाओं के भविष्य पर खतरा मंडरा रहा है। कांग्रेस सरकार आने पर 2 लाख युवाओं को नौकरी दी जाएगी।
10 सालों से जनता बहुत परेशान
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण पिछले 10 सालों में जनता बहुत परेशान हो चुकी है। इसके परिणामस्वरूप केंद्र में इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी और हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बनेगी। हुड्डा ने अपने आवास पर कार्यकर्ताओं से मुलाकात करते हुए यह बातें कहीं।