TALAQ 4

तलाक-तलाक-तलाक कह तोड़ दिया निकाह, 2 साल पहले दहेज के लिए रचाई थी दूसरी शादी

पानीपत हरियाणा

हरियाणा के पानीपत जिले के सनौली थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली एक महिला को यमुनानगर स्थित उसकी ससुराल वालों ने दहेज के लिए प्रताड़ित किया। यहां तक की आरोपी पति ने दूसरा निकाह कर लिया। इसके बाद पहली पत्नी को 3 बार तलाक बोल कर छोड़ दिया। जिसकी शिकायत महिला ने पुलिस को दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी ससुराल वालों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।

पुलिस को दी शिकायत में एक महिला ने बताया कि 2 साल पहले उसका निकाह शाहरुख निवासी गांव शादीपुर जिला यमुनानगर के साथ हुई थी। निकाह के 10 दिन बाद पति ने कहा कि तू हमारे परिवार के काबिल नहीं है और न ही तू मुझे पसंद है। तेरे परिवार ने हमारी हैसियत के अनुसार दान-दहेज भी नहीं दिया है। महिला का कहना है कि इसके बाद पति ने उसे पीटना शुरू कर दिया।

लिखकर दूसरे निकाह की इजाजत नहीं दी तो बुरी तरह से पीटा

Whatsapp Channel Join

अक्टूबर 2021 में शौहर बाहर से घर आया और आते ही उस पर कहर बनकर टूट पड़ा। खूब पीटते हुए आरोपी ने उसे कहा कि वह दूसरी शादी करना चाहता है। इसलिए वह उसे लिखकर इजाजत दे दे। महिला के इन्कार करने पर उसे बुरी तरह पीटा गया। उसका सिर दीवार में दे मारा। इसके बाद उसका इलाज करवाए बिना उसे घर में बंधक बनाकर रखा।

बांझ होने का देता था ताना

शिकायत में महिला ने बताया कि वह बार-बार उसे बांझ होने का ताना देता था। कुछ समय बाद महिला के पिता हाल-चाल जानने वहां पहुंचे। जिस दौरान पूरी बात जानने के बाद उसने आरोपी ससुराल वालों को समझाया। उन्होंने भविष्य में ऐसा फिर न होने की बात कही थी। लेकिन, आरोपी बाज नहीं आए।

मारपीट कर छोड़ आया मायका, फिर किया दूसरा निकाह

अप्रैल 2023 में आरोपी एक लड़की की फोटो लेकर महिला के पास गया और कहा कि यह उसकी माशूका है, वह इससे जल्दी ही शादी करेगा। इसलिए अब वह उसे दूसरा निकाह करने की इजाजत दे दे और अपने परिजनों को भी इसके लिए राजी कर ले। महिला ने मना किया तो वह उससे मारपीट कर उसके मायका छोड़ आया।

महिला के ससुर ने कहा कि वे शाहरुख को समझाएंगे, इसके बाद हालत ठीक होने पर वे बहू को दोबारा ले जाएंगे। लेकिन इसके बाद आरोपी उसे लेने नहीं गए। उनसे फोन पर आने के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि शाहरुख ने दूसरा निकाह कर लिया है। इसके बाद शाहरुख महिला के घर गया और वहां जाकर उसे 3 बार तलाक कह कर तलाक दिया और वहां से चला गया।