- कांग्रेस नेता अलका लांबा ने 1995 की पुरानी तस्वीर शेयर कर रेखा गुप्ता को दी बधाई।
- दोनों ने दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) में एक साथ शपथ ली थी।
- रेखा गुप्ता अब दिल्ली की मुख्यमंत्री बनने जा रही हैं।
Alka Lamba throwback post: दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (DUSU) के 1995 के चुनाव की एक पुरानी तस्वीर आज सुर्खियों में है। इस तस्वीर में उस दौर की छात्र नेता अल्का लांबा और रेखा गुप्ता एक साथ नजर आ रही हैं। राजनीति की दिलचस्प चाल देखिए—तब की महासचिव रेखा गुप्ता आज दिल्ली की मुख्यमंत्री बन चुकी हैं, जबकि अध्यक्ष रहीं अल्का लांबा हालिया विधानसभा चुनाव में अपनी जमानत भी नहीं बचा पाईं।
अलका लांबा ने अपने पोस्ट में लिखा, “दिल्ली को चौथी महिला मुख्यमंत्री मिलने पर बधाई। हम दिल्ली वाले उम्मीद करते हैं कि मां यमुना स्वच्छ होगी और बेटियां सुरक्षित रहेंगी।”
लांबा ने 1995 की एक पुरानी तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की, जब वे दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) की अध्यक्ष और रेखा गुप्ता महासचिव बनी थीं। इस तस्वीर के साथ उन्होंने लिखा, “एक समय था जब हम दोनों ने एक साथ शपथ ली थी, आज रेखा दिल्ली की मुख्यमंत्री बनने जा रही हैं।” उनकी यह पोस्ट न केवल पुरानी यादों को ताजा कर रही है, बल्कि छात्र राजनीति से लेकर मुख्यमंत्री पद तक के सफर को भी दर्शा रही है।
रेखा गुप्ता ने अपने छात्र जीवन से ही राजनीति में सक्रियता दिखाई थी। 1992 में दौलत राम कॉलेज से पढ़ाई के दौरान उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से जुड़कर छात्र राजनीति में प्रवेश किया। 1996-97 में वे DUSU की अध्यक्ष भी बनीं। अब, पहली बार विधायक चुनी जाने के बाद उन्हें बीजेपी विधायक दल का नेता चुना गया और वे दिल्ली की मुख्यमंत्री बनने जा रही हैं।