कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सूरजेवाला ने करनाल(Karnal) में भाजपा पर निशाना साधा और हरियाणा के युवाओं के भविष्य को बर्बाद करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने 20 लाख युवाओं की जिंदगी और भविष्य बर्बाद किया है। सूरजेवाला ने हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग(HSSC) पर आरोप लगाया कि यह भ्रष्टाचार और धांधली का अड्डा बन गया है।
सूरजेवाला ने कहा कि पिछले साढ़े तीन सालों से CET (सामान्य पात्रता परीक्षा) के नाम पर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। 2021 में हरियाणा सरकार ने CET की नीति बनाई, जिसके बाद से पटवारियों की भर्तियां रद्द कर दी गईं और CET के माध्यम से भर्ती करने का फैसला किया गया। 2019 से 2024 तक कोई भी भर्ती नहीं हो पाई। सरकार ने वादा किया था कि साल में दो बार CET परीक्षा होगी, लेकिन अब तक सिर्फ एक ही परीक्षा हुई और उसका भी रिजल्ट पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने खारिज कर दिया।

आज लाखों बच्चे CET के इंतजार में हैं और 20 लाख युवा दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं। सूरजेवाला ने मांग की कि हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी अपने पद से इस्तीफा दें और HSSC को बर्खास्त किया जाए ताकि हरियाणा के युवाओं का भविष्य सुरक्षित हो सके। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा और भर्तियों के नाम पर उन्हें धोखा दिया जा रहा है। जो युवा ओवरएज हो गए हैं, उनके साथ बहुत अन्याय हुआ है।
हाईकोर्ट के फैसले पर प्रतिक्रिया
सूरजेवाला ने आरोप लगाया कि हरियाणा सरकार ने प्राइवेट सेक्टर में नौकरियों के नाम पर 100 करोड़ की पब्लिसिटी की, लेकिन एक भी बच्चा भर्ती नहीं हुआ। सबको पता था कि यह योजना विफल हो जाएगी क्योंकि यह संविधान के अनुकूल नहीं है।हरियाणा सरकार ने कहा कि वे हाईकोर्ट के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देंगे और किसी की नौकरी पर आंच नहीं आने देंगे। इस पर सूरजेवाला ने तंज कसा कि क्या अब मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और नायब सिंह सैनी सुप्रीम कोर्ट के जज बन गए हैं?

पेपर लीक और धांधली
उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट का फैसला डिविजन बेंच का है और जो कुछ हुआ वह गलत है। सूरजेवाला ने सरकार पर पेपर लीक के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि चपरासी से लेकर जज तक के एग्जाम के पेपर लीक हुए हैं। नौवीं-दसवीं के पेपर से लेकर बीए तक के पेपर बिके हैं। यह सरकार पर्ची और खर्ची वाली नहीं है, बल्कि पेपर बेचने वाली सरकार है।