Noida सर्दियों में बढ़ते कोहरे और हादसों के मद्देनजर यमुना एक्सप्रेसवे पर वाहनों की गति सीमा को घटा दिया गया है। नई व्यवस्था के तहत हल्के वाहन अधिकतम 75 किमी प्रति घंटा और भारी वाहन अधिकतम 60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चल सकेंगे। यह नियम 14 दिसंबर की आधी रात से लागू हो चुका है और 15 फरवरी 2025 तक लागू रहेगा।
गति सीमा का उल्लंघन होगा महंगा
गति सीमा का पालन न करने पर 2,000 से 4,000 रुपये तक का चालान किया जाएगा। सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण ने जगह-जगह गति सीमा दर्शाने वाले बोर्ड लगाए हैं और स्क्रीन पर भी जानकारी प्रसारित की जा रही है।
कोहरे के चलते हादसों का बढ़ा खतरा
कोहरे के कारण यमुना एक्सप्रेसवे पर हर साल दुर्घटनाएं बढ़ जाती हैं। अतीत में कई बार एकसाथ कई वाहनों के टकराने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इन हादसों को रोकने के लिए यमुना प्राधिकरण ने यह कदम उठाया है। पहले हल्के वाहनों के लिए गति सीमा 100 किमी/घंटा और भारी वाहनों के लिए 80 किमी/घंटा थी, जिसे अब घटा दिया गया है।
सतर्कता बरतने की अपील
यमुना एक्सप्रेसवे प्रबंधन ने चालकों से कोहरे में विशेष सतर्कता बरतने और निर्धारित गति सीमा का पालन करने की अपील की है। इस नियम का उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और सड़क हादसों को कम करना है।