वृंदावन के प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज की खराब स्वास्थ्य के कारण उनकी सुबह की पदयात्रा अब अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दी गई है। इंस्टाग्राम पर उनके शिष्यों ने इस संबंध में एक आधिकारिक पोस्ट साझा किया है, जिसमें बताया गया है कि महाराज जी की तबीयत में गिरावट के कारण यह निर्णय लिया गया है।
प्रेमानंद महाराज पिछले महीने अस्पताल में भर्ती हुए थे, लेकिन कुछ समय बाद उनका स्वास्थ्य सुधारने लगा था। इसके बाद उन्होंने पदयात्रा को फिर से शुरू किया था, लेकिन अब स्वास्थ्य के कारण यह यात्रा फिर से बंद कर दी गई है। संत महाराज जी वृंदावन में अपने निवास स्थान से तड़के 2 बजे पदयात्रा पर निकलते थे और भक्तों से मिलते थे। उनकी पदयात्रा के दौरान सड़कों के दोनों ओर लाखों भक्तों का हुजूम जुटता था। पदयात्रा बंद करने की एक वजह भक्तों की बढ़ती संख्या को भी बताया जा रहा है।
भजनमार्ग ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट में लिखा गया है कि पदयात्रा को अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया गया है और भक्तों से प्रेमानंद महाराज के जल्द स्वस्थ होने की कामना की जा रही है।
प्रेमानंद महाराज की बीमारी के बारे में जानें:
महाराज जी की दोनों किडनी कई साल पहले फेल हो चुकी हैं और वह डायलिसिस पर हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वे ऑटोसोमल डोमिनेंट पॉलीसिस्टिक किडनी डिजीज (ADPKD) से जूझ रहे हैं, जिससे किडनी का आकार बढ़ जाता है और समय के साथ किडनी काम करना बंद कर देती है। हालांकि किडनी की समस्या के बावजूद, संत प्रेमानंद महाराज हमेशा प्रसन्नचित्त दिखाई देते हैं, जिससे लोग इसे राधा रानी का चमत्कार मानते हैं।
प्रेमानंद महाराज के भक्त अब उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं और उम्मीद कर रहे हैं कि वे जल्द ही फिर से भक्तों के बीच होंगे।