- श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा, अब तक 65 करोड़ से अधिक लोगों ने लगाई डुबकी
- सीएम योगी ने गोरखपुर से की मॉनीटरिंग, मेले का औपचारिक समापन 27 फरवरी को
- वीआईपी आगमन जारी, विभिन्न राज्यों के मंत्री और उपराज्यपाल पहुंचे प्रयागराज
Mahashivratri Snan at Sangam: महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर महाकुंभ के अंतिम महास्नान में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। बुधवार तड़के से ही संगम तट पर लाखों श्रद्धालु उमड़ पड़े और स्नान का पुण्य लाभ लिया। सुबह 6:00 बजे तक ही 40 लाख से अधिक लोग स्नान कर चुके थे, जबकि अब तक कुल 65 करोड़ से अधिक श्रद्धालु संगम में डुबकी लगा चुके हैं।
श्रद्धालुओं की भावनाओं को देखते हुए प्रशासन ने विशेष तैयारियां की थीं। त्रिवेणी संगम पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई, जिससे श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। महाकुंभ का यह अंतिम स्नान पर्व श्रद्धालुओं के लिए विशेष महत्व रखता है, क्योंकि इसे ‘मोक्षदायी स्नान’ माना जाता है।
सीएम योगी ने की मॉनीटरिंग
महाशिवरात्रि के महास्नान पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। वह गोरखपुर के नियंत्रण कक्ष से महाकुंभ की तैयारियों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन की ओर से सुरक्षा और यातायात के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
महाकुंभ का औपचारिक समापन कल
27 फरवरी 2025 को महाकुंभ मेले का औपचारिक समापन होगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा अधिकारियों, कर्मचारियों और संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा। समारोह में गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड के प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे और मेले के दौरान बने चार विश्व रिकॉर्डों के प्रमाणपत्र सौंपे जाएंगे।
श्रद्धालुओं के लिए 4,500 बसें तैनात
उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) ने 4,500 विशेष बसें चलाई हैं, ताकि श्रद्धालु अपने गंतव्य तक आसानी से पहुंच सकें। ये बसें प्रयागराज के प्रमुख स्नान घाटों से देशभर के विभिन्न स्थानों के लिए संचालित की जा रही हैं।
वीआईपी आगमन जारी, कई गणमान्य अतिथि पहुंचे प्रयागराज
महाकुंभ के अंतिम स्नान में भाग लेने के लिए कई राज्यों के मंत्री और अधिकारी प्रयागराज पहुंचे हैं।
महाराष्ट्र सरकार के मंत्री अशोक वूकीय
- आगमन: 26 फरवरी 2025, दोपहर 1:30 बजे (बमरौली एयरपोर्ट)
- कार्यक्रम: शाही स्नान, गंगा आरती, अखाड़ों का भ्रमण
- प्रस्थान: 26 फरवरी 2025, रात 11:00 बजे (मुंबई वापसी)
महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री गायत्री भूपाल मंगारे
- आगमन: 26 फरवरी 2025
- कार्यक्रम: महाकुंभ मेले में दर्शन एवं आरती
त्रिपुरा सरकार के मंत्री सुशांत चौधरी
- आगमन: 25 फरवरी 2025, रात 8:40 बजे (बमरौली एयरपोर्ट)
- कार्यक्रम: 26 फरवरी को संगम स्नान व कुंभ मेला भ्रमण
- प्रस्थान: 27 फरवरी 2025, सुबह 6:00 बजे (अयोध्या प्रस्थान)
दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना
- आगमन: 26 फरवरी 2025, सुबह 10:30 बजे
- कार्यक्रम: संगम स्नान व स्थानीय दर्शन
- प्रस्थान: 26 फरवरी 2025, शाम 4:00 बजे (दिल्ली वापसी)
उत्तराखंड सरकार के मंत्री गणेश जोशी
- आगमन: 26 फरवरी 2025, सुबह 8:00 बजे (लखनऊ से कार द्वारा)
- कार्यक्रम: संगम स्नान व भ्रमण
- प्रस्थान: 26 फरवरी 2025, दोपहर 2:45 बजे (दिल्ली वापसी)
उत्तराखंड सरकार के मंत्री डॉ. धन सिंह रावत
- आगमन: 25 फरवरी 2025
- कार्यक्रम: महाकुंभ में संगम स्नान एवं पूजा-अर्चना