Rewari के भजन का बाग इलाके में गुरुवार को दो बहनों के इकलौते भाई लोकेश उर्फ लक्की (19) की लाठी-डंडों से पिटाई कर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने उसे रेलवे लाइन के पास कंटेनर डिपो के समीप फेंक दिया। कुछ युवकों ने उसे लहुलुहान हालत में ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मॉडल टाउन थाना पुलिस और सीआईए की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार शहर के भजन का बाग निवासी लोकेश को बुधवार रात सन्नी नाम का युवक अपने साथ ले गया था। लोकेश अपनी स्कूटी लेकर गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिवार ने उसे काफी खोजा, लेकिन कुछ पता नहीं चला। लोकेश के पिता यशपाल ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 8 बजे सन्नी उनके घर आया और लोकेश की स्कूटी बाहर खड़ी कर बताया कि लोकेश प्राइवेट अस्पताल में भर्ती है और उसके सिर में चोट लगी है।
शरीर पर गंभीर चोटों के निशान
लोकेश की मां और ताऊ जब प्राइवेट अस्पताल पहुंचे तो पता चला कि उसे ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है। ट्रॉमा सेंटर पहुंचने पर उन्हें लोकेश की मौत की खबर मिली। यशपाल ने बताया कि उनके बेटे के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें मारी गईं, जिससे उसकी मौत हुई। यशपाल ने बताया कि हत्या के आरोपी साहिल, हंसराज, राज, भोला और सन्नी हैं। मॉडल टाउन थाना पुलिस ने ट्रॉमा सेंटर पहुंचकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया।
12वीं कक्षा की थी पास
लोकेश दो बहनों का इकलौता भाई था और हाल ही में उसने 12वीं कक्षा पास की थी। उसकी मौत से पूरा परिवार सदमे में है। पिता यशपाल ने बताया कि एक सप्ताह पहले लोकेश का किसी से झगड़ा हुआ था, इसी कारण आरोपियों ने उसकी हत्या कर दी। उन्होंने पहले उसे गोदाम पर बुलाया और फिर गाड़ी में डालकर सुनसान जगह ले जाकर हत्या कर दी।
पुलिस जांच में जुटी
मॉडल टाउन थाना पुलिस और सीआईए की टीम इस मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और संभावित साक्ष्यों को इकट्ठा किया है। परिवार न्याय की गुहार लगा रहा है और आरोपियों को जल्द से जल्द सजा दिलाने की मांग कर रहा है।







