हरियाणा के Panipat जिला बार एसोसिएशन का बहुप्रतीक्षित चुनाव आज (शुक्रवार) को हो रहा है। वोटिंग प्रक्रिया सुबह 7:30 बजे से शुरू हो चुकी है और प्रधान समेत चार पदों के लिए कुल 9 प्रत्याशी मैदान में हैं। सचिव पद पर संदीप शांडिल्य पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके हैं, जबकि उप प्रधान पद पहली बार महिला वकील के लिए आरक्षित किया गया है।
इस चुनाव में कुल 2587 वोटर हैं, जिनमें 509 महिला अधिवक्ता शामिल हैं। मतदान के लिए 23 ईवीएम मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा है और सुरक्षा के मद्देनजर 8 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। खास बात यह है कि महिलाओं के लिए विशेष “पिंक बूथ” बनाया गया है।

चुनाव में सबसे दिलचस्प मुकाबला प्रधान पद को लेकर है, जहां लगातार दो बार के विजेता अमित कादियान तीसरी बार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। उनके सामने 2022 के प्रधान सुरेंद्र दूहन चुनौती पेश कर रहे हैं, जिन्हें पिछले चुनाव में अमित कादियान ने मात दी थी। वहीं, तीसरे उम्मीदवार अनिल सिंगला भी मजबूत दावेदारी पेश कर रहे हैं। वह 2010 में कोषाध्यक्ष और 2021 में उप प्रधान रह चुके हैं।
मतदान प्रक्रिया शाम 5 बजे तक चलेगी, जिसके बाद तुरंत मतगणना होगी और विजेता का ऐलान किया जाएगा। चुनाव के चलते अदालत का कामकाज दो दिन के लिए ठप रहेगा।