Haryana Politics : हरियाणा के जिला रोहतक में लोकसभा चुनाव को लेकर प्रचार के दौरान भाजपा प्रत्याशी डॉ. अरविंद शर्मा ने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर फिर से बड़ा कटाक्ष किया है। उनका आरोप है कि लोकसभा चुनाव प्रचार में कांग्रेस पार्टी प्रधानमंत्री के चुनाव को मुख्यमंत्री के चुनाव में बदलने का असफल प्रयास कर रही है। गुलाबी गैंग चुनाव प्रचार के दौरान विरोध करवा रही है, जो अब पकड़ में आ गए हैं।
यह आरोप भाजपा प्रत्याशी डॉ. अरविंद शर्मा ने शनिवार को रोहतक में चुनावी प्रचार के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए लगाए। डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और कांग्रेस के राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा कभी चुनाव प्रचार तक नहीं करते थे, बल्कि कांग्रेस पार्टी भय का माहौल पैदा करके चुनाव जीतती थी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की नीतियों और उनकी साफ नियत के कारण आज भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पार्टी को घर-घर जाकर वोट मांगने के लिए मजबूर कर दिया है।

उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ जगह पर उनके चुनाव प्रचार में गुलाबी गैंग विरोध करवाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन वह सफल नहीं होंगे। क्योंकि जनता अब इनकी चालाकियों को समझ चुकी हैं। उन्होंने कहा कि दीपेंद्र हुड्डा लोगों से अपील कर रहे हैं कि वह किसी भी भाजपा उम्मीदवार का विरोध न करें, उनकी इस अपील पर सवाल उठ रहा है कि आखिर दीपेंद्र हुड्डा और कांग्रेस पार्टी के अन्य नेताओं को लोगों से अपील करने की जरूरत क्यों पड़ी। डॉ. शर्मा ने आरोप लगाया कि यह लोग भय का माहौल पैदा कर रोहतक को अपना गढ़ बताते थे, लेकिन वर्ष 2019 में ही उस गढ़ को भारतीय जनता पार्टी ने भेद दिया था। अब यह लोग लोगों को गुमराह करने पर लगे हुए हैं।

भाजपा प्रत्याशी डॉ. शर्मा ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री के चुनाव को मुख्यमंत्री के चुनाव में तब्दील करने की असफल कोशिश की जा रही है। दीपेंद्र हुड्डा रोहतक से दिल्ली और दिल्ली से चंडीगढ़ जाने की बात कर रहे हैं। इनको पता नहीं है कि चंडीगढ़ दीपेंद्र हुड्डा नहीं, बल्कि नायब सिंह सैनी रोहतक से सीधे 152 डी से चंडीगढ़ जाएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पूर्व स्पीकर द्वारा बेरी की जनसभा में मारकाट वाली बात कहने के बाद यह लोग फिर से चुनाव में डर पैदा करना चाहते हैं।

उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया कि क्या आरक्षण आंदोलन में बिगड़े माहौल के बाद भी इन लोगों का जी नहीं भरा है। उन्होंने लोगों से कहा कि चुनाव में किसी प्रकार का भी डर ना मानें। प्रशासन चुनाव करवाने के लिए पूरी तरह से मुस्तैद है। डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि जल्द होने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रदेश की सभी 10 सीटों पर अपनी जीत दर्ज करेगी। प्रदेश में भाजपा का फिर से परचम लहराएगा। देश और प्रदेश में भाजपा की सरकार दोबारा बनने पर अधूरे विकास कार्यों को पूरा करवाया जाएगा।