➤पंजाब के जीरकपुर में एक बर्थडे पार्टी के दौरान 4 बार हवाई फायरिंग की गई, जिसका वीडियो वायरल हुआ।
➤आरोपी विक्रम शर्मा स्टेज पर दो पिस्टल लेकर फायरिंग करता और डांस करता नजर आया।
➤पुलिस ने आरोपी और होटल मालिक के खिलाफ केस दर्ज किया है, पिस्टल लाइसेंसी हैं या नहीं, इसकी जांच जारी है।
चंडीगढ़ से सटे पंजाब के जीरकपुर में हुई एक बर्थडे पार्टी उस समय दहशत में बदल गई जब पार्टी के दौरान स्टेज पर खड़े एक युवक ने चार बार हवाई फायरिंग कर दी। जिस होटल में यह पार्टी चल रही थी, वहां भीड़ भरे माहौल में महिलाएं और बच्चे भी मौजूद थे।
पुलिस जांच में सामने आया है कि फायरिंग करने वाला व्यक्ति विक्रम शर्मा है, जो मंच पर चढ़ते ही दो पिस्टल लेकर आता है। वीडियो में देखा गया कि वह एक पिस्टल से तीन बार और दूसरी से एक बार हवाई फायर करता है। उसके बाद वह स्टेज पर झूमता हुआ हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा के बैन किए गए गाने ‘एक खटोला जेल के भीतर, एक खटोला जेल के बाहर’ पर डांस करता नजर आता है।

वीडियो वायरल होते ही पुलिस एक्शन में आई और होटल पिकासा के मालिक तथा विक्रम शर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। वीडियो में देखा जा सकता है कि फायरिंग के बाद पुरुष मेहमान वीडियो बना रहे हैं, लेकिन महिलाएं साफ तौर पर डरी-सहमी नजर आती हैं।
ढकोली पुलिस चौकी के इंचार्ज हरजिंदर सिंह के अनुसार, यह घटना कुछ दिन पहले हुई थी, लेकिन वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस ने तुरंत संज्ञान लिया। होटल मालिक पर भी केस इसलिए दर्ज किया गया क्योंकि इतनी बड़ी चूक होटल प्रशासन की लापरवाही से ही संभव हुई। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि पिस्टल वैध लाइसेंस के तहत थी या अवैध हथियार थे।
फिलहाल आरोपी विक्रम शर्मा फरार है और पुलिस गिरफ्तारी की प्रक्रिया में लगी है।
यह घटना न सिर्फ कानून व्यवस्था पर सवाल खड़ा करती है, बल्कि यह भी दिखाती है कि सामाजिक आयोजनों में गैर-जिम्मेदाराना हथियारों का प्रदर्शन आज भी गंभीर खतरा बना हुआ है।

